विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर नगर पालिका में कार्यक्रम

 


शामली। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शामली नगर पालिका परिषद में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान हुई त्रासदी और विस्थापन की घटनाओं को याद किया गया।


मुख्य अतिथि सूर्य प्रकाश पाल ने कहा कि देश का विभाजन इतिहास की ऐसी पीड़ादायक घटना है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि विभाजन के कारण लाखों लोगों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा। देश की भूमि का बंटवारा टुकड़ों में किया गया, जिसका दर्द आज भी लोगों की स्मृतियों में मौजूद है। उन्होंने लोगों से विभाजन की विभीषिका से सीख लेते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रामजी लाल कश्यप ने कहा कि विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले और विस्थापन का दंश झेलने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाना ही विभाजन की त्रासदी से मिली सबसे बड़ी सीख है।


नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को देश के इतिहास और विभाजन के दौरान हुई घटनाओं की जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि वह राष्ट्रीय एकता और अखंडता के महत्व को समझ सके।


इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, भाजपा नेता विवेक प्रेमी, पवन तरार, राजेश मलिक, अभय तोमर, रमेश गौड़ कश्यप, प्रमोद सैनी सहित नगर पालिका के सभासद और अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ad 1

Ad 2