मानक पूरे न करने वाले स्कूली वाहनों पर परिवहन विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई

 


शामली। जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कुल आठ स्कूली वाहनों को निरुद्ध किया गया।


सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एवं यात्री कर अधिकारी ने जनपद पुलिस के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर स्कूली वाहनों की जांच की। जांच के दौरान होली हेवन, गुरु वशिष्ठ, मिशन इंटरनेशनल, बलवंती बालिका इंटर कॉलेज और जय हिंद पब्लिक स्कूल समेत अन्य विद्यालयों से जुड़े वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई।


जांच में कुछ वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा समेत अन्य आवश्यक प्रपत्र वैध नहीं पाए गए। इसके बाद परिवहन विभाग ने नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए आठ वाहनों को जनपद की विभिन्न पुलिस चौकियों में निरुद्ध करा दिया। इन वाहनों को अहमदगढ़, चौसाना और बिडौली पुलिस चौकियों में निरुद्ध किया गया है।


अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वाहन संचालकों को निर्धारित मानकों और जरूरी दस्तावेजों के साथ ही वाहनों का संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं।


परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से स्कूली वाहन संचालकों में खलबली मच गई। अधिकारियों के अनुसार स्कूली वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ad 1

Ad 2