कांवड़ यात्रा के स्वागत को सजा शामली, शिव चौक से गुलजारी वाला मंदिर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम




शामली। कांवड़ यात्रा को लेकर जनपद शामली पूरी तरह शिवमय नजर आ रहा है। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शिव चौक के दोनों ओर तिरंगा लाइटों से विशेष सजावट की गई है, जिससे पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा है। इसी मार्ग से बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं।


कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने स्वयं कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


शहर के प्रसिद्ध गुलजारी वाला मंदिर को भी विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


वहीं, शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार गौतम और सदर चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने भी गुलजारी वाला मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए।


इसके अलावा पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने तहसील चौराहे का भी निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। प्रशासन का उद्देश्य है कि कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हो तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ad 1

Ad 2