शामली। कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शामली पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जनपद में मुजफ्फरनगर सीमा स्थित लालूखेड़ी से लेकर हरियाणा के पानीपत सीमा स्थित यमुना पुल तक करीब 84 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे मार्ग पर 18 प्राइवेट कांवड़ मोबाइल वाहन तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों और पूरे कांवड़ रूट पर पुलिस की बाइक टीमें भी लगातार गश्त करेंगी।
मोबाइल वाहन और बाइक टीमें पूरे कांवड़ मार्ग की लगातार निगरानी करेंगी तथा किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या अव्यवस्था की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेंगी। पुलिस का उद्देश्य शिवभक्त कांवड़ियों को सुरक्षित, निर्बाध और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। सभी तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और यात्रियों की हर संभव सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आस्था के इस महापर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
