नाबालिग बहनों में आरोपी की दहशत, स्कूल जाना छोड़ा

 

शामली। सदर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी तीन नाबालिग छात्राएं शुक्रवार को अपनी मां, चाची और एक सभासद महिला के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर परेशान करने, जबरन मोबाइल नंबर मांगने और दोस्ती करने का दबाव बनाने समेत गंभीर आरोप लगाए। पीड़ित परिवार ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।


पीड़ित छात्रा की मां कविता देवी के अनुसार, उनकी 14 वर्षीय बेटी कक्षा 10 में पढ़ती है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला कपिल नाम का युवक पिछले करीब आठ दिनों से उसकी बेटी को परेशान कर रहा है। छात्रा का आरोप है कि युवक कई बार दीवार फांदकर घर में घुसने का प्रयास कर चुका है और उसके साथ छेड़छाड़ की। वह लगातार मोबाइल नंबर मांगने और जबरन दोस्ती करने का दबाव बना रहा है।


परिजनों का आरोप है कि मामले की शिकायत पहले भी थाना पुलिस से की गई, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। इसी दौरान आरोपी पक्ष के लोगों पर पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष ने बताया कि मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है।


छात्राओं ने बताया कि आरोपी की दहशत के चलते उन्होंने पिछले करीब एक सप्ताह से स्कूल और कॉलेज जाना तक छोड़ दिया है। परिवार का कहना है कि उन्हें अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। न्याय की मांग को लेकर परिवार थाना सदर कोतवाली से लेकर एसपी कार्यालय तक पहुंच चुका है।


पीड़ित परिवार के मुताबिक, अभी तक उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कराने और तथ्यों के आधार पर उचित वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Ad 1

Ad 2