शामली। थाना कोतवाली शामली पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को कोतवाली शामली क्षेत्र में दहेज हत्या के संबंध में मृतका के परिजनों ने थाने में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मामले में पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और ऐसे मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को कोतवाली शामली पुलिस ने कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने दहेज हत्या के मामले में वांछित आरोपी मनशाद पुत्र सबदर निवासी मोहल्ला नौकुआ रोड, थाना कोतवाली शामली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के संबंध में कोतवाली शामली में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राहुल देशवाल और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।
