चंडीगढ़ पीजीआई में चल रहा था उपचार, बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
बाबरी। थाना क्षेत्र में करीब 10 दिन पहले हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोर की सोमवार सुबह चंडीगढ़ पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार वंश पुत्र सुनील एक अगस्त को अपने 12 वर्षीय दोस्त भव्य पुत्र सचिन के साथ साइकिल से बुटराड़ा बस स्टैंड से घर लौट रहा था। बताया गया कि रास्ते में तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वंश गंभीर रूप से घायल हो गया था।
परिजनों ने घायल वंश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया था। करीब दस दिनों से वंश का पीजीआई में उपचार चल रहा था। सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वंश दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई मनीष पढ़ाई कर रहा है। पिता सुनील मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
