शामली। गांव में कथित दलालों और दबंग प्रवृत्ति के लोगों द्वारा आम ग्रामीणों का शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग थाना, तहसील, विद्युत, विकास और खाद्य एवं रसद विभाग में अधिकारियों से सांठगांठ का दावा कर भोले-भाले लोगों को गुमराह करते हैं। आरोप है कि ये लोग नेताओं और अधिकारियों के साथ फोटो दिखाकर प्रभाव जमाते हैं तथा लोगों से उनका काम कराने के नाम पर धन की मांग करते हैं।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आरोपित लोगों ने गांव में अपना प्रभाव बना रखा है और विरोध करने वालों को पुलिस व विभागीय कार्रवाई का डर दिखाकर धमकाते हैं। इससे ग्रामीण अपनी शिकायत सीधे प्रशासन तक पहुंचाने से भी डरते हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में सरकारी विभागों के नाम पर दलाली और आम जनता के शोषण पर रोक लगाने की भी अपील की है।
