शामली। जनपद के झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव नोनागली में 24 वर्षीय युवती गरिमा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। अंतिम संस्कार रुकवाने वाले युवक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उसने खुद को मृतका का प्रेमी बताते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वीडियो में युवक ने अपना नाम हिमांशु खेवाल बताया है। उसका कहना है कि वह करीब आठ वर्षों से गरिमा को जानता था। दोनों साथ पढ़ते थे और एक कोर्स भी साथ किया था। बाद में हिमांशु आईटीआई करने लगा, जबकि गरिमा एमएससी की पढ़ाई कर रही थी। युवक के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे।
हिमांशु का दावा है कि कुछ समय पहले गरिमा की शादी किसी अन्य युवक से तय कर दी गई थी। उसने आरोप लगाया कि गरिमा के होने वाले पति को उनके प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी, जिसके बाद शादी से इनकार कर दिया गया। इसके कुछ समय बाद गरिमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का आरोप है कि परिजनों ने मौत को हार्ट अटैक बताकर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।
बताया गया कि जैसे ही अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, हिमांशु गांव नोनागली पहुंच गया और डायल-112 पर सूचना देकर युवती की हत्या की आशंका जताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट आने और सभी तथ्यों की जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, वायरल वीडियो में प्रेमी युवक ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
