Header Ads Widget

Responsive Advertisement

प्रेम प्रसंग को लेकर सरधना थाने में बवाल, युवक-युवती की जिद पर भिड़े दोनों पक्ष


 

प्रेम प्रसंग को लेकर सरधना थाने में बवाल, युवक-युवती की जिद पर भिड़े दोनों पक्ष

सरधना। थाना परिसर रविवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब प्रेम प्रसंग के मामले में युवक और युवती अपने-अपने स्वजन को छोड़कर साथ रहने की जिद पर अड़ गए। घंटों चली समझाइश के बावजूद दोनों पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। मामला इतना बढ़ गया कि थाना परिसर में ही दोनों पक्षों के लोगों के बीच तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की और जमकर हंगामा शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।


जानकारी के अनुसार दिल्ली से सटे लोनी क्षेत्र की रहने वाली युवती कुछ दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। युवती के स्वजन ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर उसकी बरामदगी की मांग की थी। साथ ही रिश्ते में लगने वाले सरधना निवासी एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। रविवार को युवती के सरधना में होने की सूचना मिलने पर उसके स्वजन सीधे सरधना थाने पहुंच गए।


लोनी पुलिस के संपर्क के बाद सरधना पुलिस ने युवक और युवती को थाने बुला लिया। सूचना मिलते ही युवक पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए। थाना परिसर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस ने मामले को शांत कराने और दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक और युवती परिवार के साथ जाने को तैयार नहीं हुए। दोनों ने साफ कह दिया कि वे एक-दूसरे के साथ ही रहना चाहते हैं।


बताया गया कि युवक और युवती रिश्तेदारी में एक ही परिवार से जुड़े हैं, जिस कारण मामला और ज्यादा संवेदनशील बन गया। पुलिस ने दोनों के बालिग होने की पुष्टि के बाद कानूनी स्थिति स्पष्ट करते हुए समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते थाना परिसर में जोरदार हंगामा खड़ा हो गया और माहौल तनावपूर्ण बन गया।


हंगामे के दौरान जमकर कहासुनी हुई, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में ले लिया। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments