सरधना। कस्बे के एक मोहल्ला निवासी महिला ने एक युवक पर शादी के बाद भी लगातार फोन कर परेशान करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता अपने पति के साथ रविवार को थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
महिला ने पुलिस को बताया कि शादी से पहले उसका एक गांव निवासी युवक से परिचय था और दोनों के बीच बातचीत होती थी। कुछ समय बाद उसकी शादी हो गई और वह अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन व्यतीत कर रही है। आरोप है कि इसके बावजूद युवक लगातार उसे फोन कर संपर्क करने का दबाव बना रहा है। महिला का कहना है कि उसने कई बार युवक को फोन न करने और परेशान न करने के लिए कहा, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा।
पीड़िता के अनुसार जब उसने युवक की बात मानने से इनकार किया तो आरोपी ने उसके पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। धमकियों से डरी महिला ने अपने पति को पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद दोनों थाने पहुंचे और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई।
महिला ने आरोप लगाया कि युवक लगातार अलग-अलग नंबरों से कॉल कर मानसिक दबाव बना रहा है, जिससे पूरा परिवार भय और तनाव में है। थाना पुलिस ने महिला की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments