सरधना में हाई वोल्टेज लाइन से ट्रॉली में लगी आग, बड़ा हादसा टला

 

सरधना में हाई वोल्टेज लाइन से ट्रॉली में लगी आग, बड़ा हादसा टला

मेरठ जनपद के सरधना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लोकप्रिय रोड स्थित लोकप्रिय इंटर कॉलेज के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुआल से भरी एक ट्रॉली हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आ गई और उसमें अचानक आग लग गई।

बताया गया कि ओवरलोड पुआल से भरा ट्रेलर जैसे ही हाई वोल्टेज लाइन के नीचे से गुजरा, वह लाइन से टच हो गया। संपर्क होते ही ट्रॉली में आग भड़क उठी। गनीमत रही कि ट्रेलर पर बैठे लोग समय रहते सतर्क हो गए और सुरक्षित नीचे उतर गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने से आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना रहा।

सूचना पर विद्युत विभाग के एसडीओ भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ट्रेलर को निकालने से पहले लाइन का शटडाउन लिया गया था, लेकिन एसडीओ ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का शटडाउन नहीं लिया गया था।

फिलहाल घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने बिजली लाइनों की सुरक्षा और ओवरलोड वाहनों के संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच की बात कही है।

Comments