चौसाना: शामली शामला गांव में संचालित एथेनॉल प्लांट के खिलाफ शुक्रवार को ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। सुबह करीब 10 बजे सुधीर कुमार के नेतृत्व में शुरू हुए प्रदर्शन में ग्रामीणों ने ओवरलोड वाहनों, प्रदूषण और सड़क सुरक्षा समेत कई समस्याएं उठाईं। करीब तीन घंटे बाद प्लांट अधिकारियों द्वारा जल्द समाधान का आश्वासन देने पर धरना समाप्त कर दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट में आने-जाने वाले ओवरलोड वाहनों से गांव की सड़क पर लगातार दुर्घटना का खतरा बना रहता है। भारी वाहनों के कारण कई बार बिजली के खंभे और लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जिससे गांव की बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है। सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से भी लोगों को परेशानी हो रही है।
प्रदर्शनकारियों ने प्लांट से उड़ने वाली राख (छाई) से फैल रहे प्रदूषण पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि राख के कारण वातावरण दूषित हो रहा है और लोग रात में घरों के बाहर भी नहीं सो पा रहे हैं। कुछ कर्मचारियों पर किसानों के खेतों में गंदगी फैलाने का भी आरोप लगाया गया।
धरने में पूर्व प्रधान महक सिंह, दीपक सैनी, कुलदीप सैनी, सतीश कोरी, वीरसेन कश्यप, अनुज समेत दो दर्जन से अधिक ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्लांट प्रबंधन और प्रशासन की होगी।
