शामली: किसानों और युवाओं की मांगों को लेकर सौंपा जाएगा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

 


किसानों और युवाओं की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने शनिवार को प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि किसानों और बेरोजगार युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए, अन्यथा व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।



शामली में आयोजित प्रेस वार्ता में किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने कहा कि देश का किसान बढ़ती कृषि लागत, प्राकृतिक आपदाओं और फसलों का उचित मूल्य न मिलने से आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। वहीं शिक्षित युवा लगातार बढ़ती बेरोजगारी से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही जिलाधिकारी के माध्यम से राज्य एवं केंद्र सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।


उन्होंने बताया कि ज्ञापन में किसानों का संपूर्ण कृषि ऋण माफ करने, खाद्य पदार्थों में मिलावट पर कठोर कार्रवाई करने, शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलने तक सम्मानजनक बेरोजगारी भत्ता देने, गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाने, गन्ना किसानों का भुगतान अधिकतम 14 दिनों के भीतर ब्याज सहित कराने तथा सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी लागू करने की मांग शामिल होगी।


ठाकुर पूरन सिंह ने कहा कि ये मांगें केवल किसानों या युवाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आम जनता के हित से भी जुड़ी हुई हैं। उन्होंने प्रशासन से ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सरकारों तक पहुंचाने और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराने की अपील की।


उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।


प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष दीपांशु वशिष्ठ, युवा जिला अध्यक्ष शहज़ाद पुंडीर, जिला अध्यक्ष लखन राणा, अमित कौशिक, अनु मलिक, नरेश तोमर, राजेश प्रमुख, देवराज सिंह, अजब सिंह, लोकेश राणा, यशपाल सिंह सहित किसान मजदूर संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post