Header Ads Widget

Responsive Advertisement

स्कूल से लौट रहे छात्र पर धारदार हथियार से हमला, दो छात्र घायल; परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप

 

स्कूल से लौट रहे छात्र पर धारदार हथियार से हमला, दो छात्र घायल; परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप

शामली। शहर के दिल्ली रोड स्थित सिटी ग्रीन के पास शुक्रवार दोपहर स्कूल से लौट रहे छात्रों के दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट और धारदार हथियार से हमले में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद घायल छात्रों और उनके परिजनों ने सदर कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।


पीड़ित छात्र के पिता शिवचरण निवासी गांव गुजरान बलवा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा शौर्य देशभक्त इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र है। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे स्कूल की छुट्टी के बाद वह घर लौट रहा था। आरोप है कि सिटी ग्रीन के पास दो बाइक पर सवार शेखर, अर्जुन और उनके साथ आए पांच अन्य युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने धारदार हथियार से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमला करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि उन्होंने कानूनी कार्रवाई की तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।


घटना के बाद परिजनों ने सदर कोतवाली पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पुलिस मामले में केवल खानापूर्ति कर रही है, जबकि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।


फिलहाल पुलिस को तहरीर दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments