सरधना। थाना क्षेत्र के मिलक गांव में पारिवारिक विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। देर रात पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी।
मिलक गांव निवासी सोनिया पत्नी शिव कुमार के अनुसार, उसके देवर नीरज की शादी सरधना क्षेत्र के खिर्वा जलालपुर गांव की एक युवती से हुई थी। करीब दो माह पहले किसी पारिवारिक विवाद के चलते नीरज की पत्नी अपने मायके चली गई थी। हाल ही में नीरज अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए ससुराल पहुंचा था। आरोप है कि वहां उसकी सास ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की, जिसके बाद वह बिना पत्नी को साथ लाए वापस लौट आया।
सोनिया का आरोप है कि इसी बात को लेकर मंगलवार को विवाद और बढ़ गया। उसने बताया कि दोपहर के समय उसका पति शिव कुमार तथा परिवार के अन्य पुरुष सदस्य किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान देवरानी के मायके पक्ष के डेढ़ दर्जन से अधिक लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने पहले घर के मुख्य गेट पर लाठी-डंडे बजाकर हंगामा किया और फिर जबरन घर में घुस आए।
पीड़िता के अनुसार, घर में घुसने के बाद आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में कई लोगों को चोटें आईं। सोनिया ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने डर पैदा करने के उद्देश्य से फायरिंग भी की। उसने दावा किया कि गोलीबारी के दौरान वह और उसका 12 वर्षीय बेटा बाल-बाल बच गए। हालांकि फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के दौरान मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख आरोपित वहां से फरार हो गए। इसके बाद घर लौटे शिव कुमार और अन्य परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। देर रात पूरा परिवार सरधना थाने पहुंचा और आरोपितों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
उधर, घटना के कई घंटे बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। पुलिस ने वीडियो को भी जांच के दायरे में लिया है।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। फायरिंग के आरोप सहित पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि गांव में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी रखी जा रही है।

0 Comments