Header Ads Widget

Responsive Advertisement

 गंगनहर बना जानलेवा स्टंट का अड्डा, नकद इनाम की लालच देकर युवाओं को तैराकी चुनौती; पुलिस बेखबर



सरधना। गंगनहर इन दिनों युवाओं के लिए रोमांचक गतिविधियों के साथ-साथ जानलेवा करतबों और नकद इनाम की बाजी लगाने का केंद्र बनती जा रही है। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच कुछ युवक लोकप्रियता और सनसनी बटोरने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। ऐसा ही एक मामला दौराला गंगनहर पुल से सामने आया है, जहां लंबी दूरी तक तैराकी की प्रतिस्पर्धा कराने और नकद इनाम देने का दावा करने वाला वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।


गुरुवार को इंस्टाग्राम पर प्रसारित हुए करीब 42 सेकेंड के वीडियो में एक यू-ट्यूबर एक युवक से बातचीत करता दिखाई दे रहा है। वीडियो कथित रूप से दौराला गंगनहर पुल का बताया जा रहा है। वीडियो में युवक दावा करता है कि वह महज ढाई मिनट में गंगनहर पार कर सकता है। बातचीत के दौरान वह अन्य युवाओं को भी चुनौती देता नजर आता है। युवक का कहना है कि कोई भी व्यक्ति उसके साथ तैराकी की प्रतिस्पर्धा में हिस्सा ले सकता है।


वीडियो में युवक ने खुलेआम नकद इनाम की घोषणा करते हुए कहा कि यदि कोई प्रतियोगी उससे पहले दौराला गंगनहर पुल से करीब छह किलोमीटर दूर स्थित नानू पुल तक पहुंच जाता है तो उसे तीन हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा दौराला पुल से लगभग 15 किलोमीटर दूर भोलाझाल तक उससे पहले पहुंचने वाले को 12 हजार रुपये देने का दावा भी वीडियो में किया गया है। युवक अन्य युवाओं को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करता दिखाई दे रहा है, जिससे सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की चुनौतियां युवाओं की जान के साथ खिलवाड़ करने के समान हैं। गंगनहर का तेज बहाव पहले भी कई लोगों की जान ले चुका है। हर वर्ष गर्मियों के मौसम में नहर में नहाने और तैरने के दौरान डूबने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसके बावजूद कुछ युवक सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए खतरनाक स्टंट और प्रतिस्पर्धाओं का सहारा ले रहे हैं।


क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि लंबी दूरी तक तैरने की ऐसी प्रतियोगिताएं किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। कई बार अनुभवी तैराक भी तेज बहाव, थकान या पानी के दबाव के कारण मुश्किल में पड़ जाते हैं। ऐसे में कम उम्र के युवक यदि नकद इनाम या सोशल मीडिया प्रसिद्धि के लालच में इस तरह की गतिविधियों में शामिल होते हैं तो उनकी जान पर गंभीर खतरा मंडरा सकता है।


सोशल मीडिया बना जोखिम भरे कारनामों का माध्यम


पिछले कुछ वर्षों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ लगातार बढ़ी है। इसके चलते युवा खतरनाक स्टंट, ऊंची इमारतों पर चढ़ने, तेज रफ्तार बाइक चलाने और जल स्रोतों में जोखिम भरे करतब दिखाने जैसे वीडियो बनाकर इंटरनेट पर साझा कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे वीडियो दूसरे युवाओं को भी प्रभावित करते हैं और वे बिना जोखिम को समझे उनकी नकल करने लगते हैं।


दौराला गंगनहर पुल का वायरल वीडियो भी इसी प्रवृत्ति को बढ़ावा देता दिखाई दे रहा है। वीडियो में प्रतियोगिता और नकद पुरस्कार की घोषणा किए जाने से अधिक संख्या में युवाओं के आकर्षित होने की आशंका जताई जा रही है। यदि समय रहते इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई । सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस दौराला गंगनहर पुल पर यह वीडियो बनाया गया, वहां से दौराला पुलिस चौकी की दूरी महज कुछ कदम है। इसके बावजूद पुलिस को इस तरह की गतिविधियों की जानकारी नहीं होने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगनहर पुल पर आए दिन युवाओं की भीड़ जुटती है, लेकिन निगरानी के पर्याप्त इंतजाम दिखाई नहीं देते।


गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी पुल पर नहाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। उस घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चलते दिखाई दिए थे। उस घटना के बाद भी सुरक्षा और निगरानी को लेकर सवाल उठे थे।


लोगों ने की कार्रवाई की मांग


आसपास के ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि गंगनहर पुलों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी बढ़ाई जाए। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को खतरनाक गतिविधियों से दूर रहने के लिए जागरूक किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि ऐसे वीडियो बनाने और प्रतियोगिताएं आयोजित करने वालों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन पर भी आएगी।


फिलहाल वायरल वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में किसी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय लोग अब प्रशासन की ओर से सख्त कदम उठाए जाने की उम्मीद कर रहे हैं ताकि गंगनहर को जानलेवा स्टंट और जोखिम भरी प्रतिस्पर्धाओं का केंद्र बनने से रोका जा सके।

Post a Comment

0 Comments