सरधना। रोहटा थाना क्षेत्र के सलाहपुर गांव में बाग से आम तोड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बाग के ठेकेदार ने पहले एक बच्चे के साथ मारपीट की और विरोध करने पर युवक की उंगलियों को दांत से काटकर घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर कार्रवाई के बजाय समझौता कराने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी 19 वर्षीय वसीम पुत्र यामीन सोमवार को अपने बड़े भाई मोमीन के साथ खेत में खाद डालने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान मोमीन का आठ वर्षीय बेटा शायान पास में खेल रहा था। आरोप है कि बच्चे ने खेलते समय पास के बाग से एक आम तोड़ लिया, जिससे नाराज होकर बाग के ठेकेदार ने उसे थप्पड़ मार दिए।
बच्चे के रोने की आवाज सुनकर वसीम मौके पर पहुंचा और ठेकेदार से बच्चे को पीटने का कारण पूछा। आरोप है कि इस पर ठेकेदार ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि झगड़े के दौरान ठेकेदार ने वसीम के दाहिने हाथ की तीन उंगलियों को दांतों से काट लिया।
हमले में वसीम की तर्जनी उंगली गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि मध्यमा और अनामिका उंगली में भी गहरे घाव आए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपित कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
ग्रामीणों की मदद से घायल वसीम को थाने ले जाया गया, जहां पीड़ित पक्ष ने लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया।
मामले में नया मोड़ तब आया जब वसीम के बड़े भाई मोमीन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बजाय दोनों पक्षों को पूठ पुलिस चौकी बुलाकर समझौता करा दिया। उनका कहना है कि परिवार कानूनी कार्रवाई चाहता था, लेकिन मामले को दबाने का प्रयास किया गया।
घटना को लेकर गांव में चर्चाएं तेज हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तहरीर दी गई थी और मेडिकल परीक्षण भी हुआ था, तो मामले में आगे क्या कार्रवाई हुई, यह स्पष्ट होना चाहिए।
वहीं रोहटा थाना प्रभारी पूजा पंवार ने बताया कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उनके अनुसार वसीम की ओर से उन्हें कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि लिखित शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पीड़ित पक्ष न्याय की मांग कर रहा है, जबकि घटना और पुलिस की भूमिका को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
0 Comments