Header Ads Widget

Responsive Advertisement

विश्व पर्यावरण दिवस पर अटेरना में चला 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान, ग्राम पंचायत व वन विभाग ने किया वृक्षारोपण

 



सरधना। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को ग्राम पंचायत अटेरना और वन विभाग मेरठ के संयुक्त तत्वावधान में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और वन विभाग के अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।


इस दौरान ग्राम पंचायत अटेरना और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से विभिन्न स्थानों पर औषधीय, फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जिस माँ ने हमें जीवन दिया है, उसी माँ के नाम पर एक पौधा लगाकर धरती को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।


वक्ताओं ने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में माँ के आँचल की तरह लोगों को छाया, शुद्ध हवा और सुरक्षा प्रदान करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लें, ताकि पौधे वृक्ष बनकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।


ग्राम पंचायत अटेरना ने इस अवसर पर वन विभाग मेरठ का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी, ग्राम पंचायत के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments