Header Ads Widget

Responsive Advertisement

तेज रफ्तार कार ने ठेली में मारी टक्कर, मजदूर से मारपीट और नकदी लूटने का आरोप



मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में एक छोले-भटूरे विक्रेता के साथ सड़क हादसे के बाद मारपीट और नकदी लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अज्ञात कार चालक पर शराब के नशे में धुत होकर टक्कर मारने, मारपीट करने और दिनभर की मजदूरी छीनने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम जाफरनगर बेगमाबाद निवासी नितिन कुमार पुत्र भोपाल सरधना गंग नहर दौराला पुल के पास छोले-भटूरे की ठेली लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। आरोप है कि सोमवार शाम वह रोजाना की तरह अपनी ठेली लेकर घर लौट रहा था। तभी शरद त्यागी की डेरी के सामने पीछे से आ रही लाल रंग की एक ऑल्टो कार ने उसकी ठेली में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।

पीड़ित का आरोप है कि हादसे के बाद कार चालक भागने लगा। जब उसने रोकने का प्रयास किया तो चालक गाड़ी से बाहर निकल आया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि चालक ने उसकी जेब में रखे करीब छह हजार रुपये भी छीन लिए, जो दिनभर की मजदूरी थी। शोर सुनकर मौके पर लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी कार चालक जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित का पुत्र मौके पर पहुंचा और उसे घर ले गया। पीड़ित ने बताया कि हादसे में उसके पैर में गंभीर चोट आई है और चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी चालक शराब के नशे में था। पीड़ित ने पुलिस से मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments