सरधना तहसील क्षेत्र की नवीन मंडी में अधिकारियों ने गेट नंबर-1 को बंद कर वहां गार्ड तैनात कर दिया है। मंडी प्रशासन का कहना है कि गेट के बाहर और अंदर अवैध रूप से ठेले लगाने वालों के कारण लगातार जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई थी, जिससे किसानों और आढ़तियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मौके पर तैनात गार्ड के अनुसार, कुछ बाहरी लोग आढ़तियों के साथ मंडी में आकर ठेले लगाते थे। इनकी संख्या अधिक होने के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो जाता था। अधिकारियों द्वारा कई बार समझाने के बावजूद ठेले लगाने वाले लोग हटने को तैयार नहीं हुए और कथित रूप से अधिकारियों के साथ अभद्रता भी की गई।
इसी को देखते हुए मंडी प्रशासन ने गेट नंबर-1 को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और ठेला संचालकों को मंडी के पीछे निर्धारित स्थान पर ठेले लगाने के निर्देश दिए हैं। किसानों और व्यापारियों की सुविधा के लिए गेट नंबर-2 को चालू रखा गया है, ताकि मंडी में आने-जाने में दिक्कत न हो।
गार्ड का यह भी कहना है कि कुछ लोग किसानों से सस्ता सामान खरीदकर उसे दोगुने दाम पर बेच रहे थे, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। अधिकारियों का मानना है कि नई व्यवस्था लागू होने से मंडी परिसर में व्यवस्था बेहतर होगी और किसानों को राहत मिलेगी।

Comments
Post a Comment