सरधना : क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सिलेंडरों से भरे जुगाड़ में तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक घायल हो गया, जबकि सड़क किनारे झाड़ियों में गिरने के बावजूद सिलेंडरों में आग नहीं लगी, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार खतौली के बढकरीमपुर निवासी ऋषभ सरधना-बिनौली रोड स्थित बालाजी गैस एजेंसी पर डिलीवरी मैन के रूप में कार्य करता है। मंगलवार को वह अपने भाई रजत के साथ जुगाड़ (ठेला वाहन) में गैस सिलेंडर लादकर भलसोना गांव की ओर जा रहा था। जुगाड़ में करीब दस सिलेंडर लदे हुए थे।
जब दोनों चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर नानू पुल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने जुगाड़ में टक्कर मार
दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जुगाड़ अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। इस दौरान जुगाड़ में लदे सिलेंडर भी सड़क और झाड़ियों में बिखर गए।
हादसे में ऋषभ का भाई रजत घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। गनीमत यह रही कि झाड़ियों में आग नहीं थी, अन्यथा सिलेंडरों के कारण बड़ा विस्फोट हो सकता था।
गैस एजेंसी संचालक दीपक तोमर ने बताया कि ऋषभ की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए उसका भाई रजत उसके साथ गया था। उन्होंने स्वीकार किया कि जुगाड़ में सिलेंडर ले जाए जा रहे थे और भविष्य में इसके लिए मजबूत और सुरक्षित व्यवस्था की जाएगी।
वहीं एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि गैस एजेंसियों को सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। इस मामले में एजेंसी संचालक से जवाब तलब किया जाएगा।

Comments
Post a Comment