ईदगाह-कब्रिस्तान के पास नाली निर्माण का विरोध, संगठनों ने सौंपा ज्ञापन

AkashMalik
By -
0

 


सरधना। इकड़ी रोड स्थित ईदगाह और कब्रिस्तान मीठे शाह परिसर के पास प्रस्तावित नाली निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों और कई संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। आरोप है कि कॉलोनियों और डेयरियों का गंदा पानी धार्मिक स्थल से होकर मेरठ-इकड़ी लिंक रोड की ओर ले जाने की योजना बनाई जा रही है, जिससे धार्मिक स्थल की पवित्रता प्रभावित होगी और क्षेत्र में गंदगी फैलने की आशंका है।

ईदगाह कमेटी, कब्रिस्तान कमेटी, किसान संगठनों, भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा और हरियाली संरक्षण ट्रस्ट के पदाधिकारियों तथा सैकड़ों समाजसेवियों ने संयुक्त रूप से इस नाली निर्माण पर आपत्ति दर्ज कराई। सभी संगठनों ने तहसील दिवस में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन देकर नाली निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि मेरठ-इकड़ी लिंक रोड बड़ी मुश्किलों के बाद बना है और इस मार्ग से प्राथमिक विद्यालय, मातृ एवं शिशु केंद्र, आयुष्मान केंद्र सहित बड़ी आबादी का आवागमन होता है। यदि यहां से गंदे पानी की निकासी की गई तो सड़क भी प्रभावित होगी और आवागमन में दिक्कतें बढ़ेंगी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्माणाधीन इकड़ी रोड पर ईदगाह के सामने लगभग 30 मीटर सड़क का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठनों ने विभाग के अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए ईद से पहले अधूरी सड़क को पूरा कराने की मांग की।

संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि जबरन नाली निर्माण कराया गया तो इसके खिलाफ व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान ईदगाह कमेटी के मशकूर खान एडवोकेट, आरिफ अली, मतलूब खान, कब्रिस्तान कमेटी के सदर अशरफ खान, हाफिज मोबीन, हाजी आशिक अली, भाकियू आजाद के राष्ट्रीय प्रवक्ता हनीफ राणा, हसीन खान, हरियाली संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष रिहान मलिक, दानिश जाहिद कुरैशी, भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा से सोनू, बब्बू, नईम खान, अंकित, राहुल, मनीष सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। 

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default