प्रजाति 9709 का गन्ना लेने से इनकार, रावा व मोहम्मदपुर धूमी के किसानों ने की कार्रवाई की मांग
मेरठ क्षेत्र के ग्राम रावा और मोहम्मदपुर धूमी के किसानों ने चीनी मिल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पहले आवंटित की गई गन्ना प्रजाति 9709 को अब मिल द्वारा लेने से मना किया जा रहा है। इस फैसले से किसानों में भारी नाराजगी है और उन्हें आर्थिक नुकसान की आशंका सता रही है।
किसानों का कहना है कि उन्होंने मिल के निर्देश पर गन्ना प्रजाति 9709 की फसल तैयार की थी, लेकिन अब जब फसल तैयार हो चुकी है, तो मिल द्वारा खरीद से इनकार किया जा रहा है। इससे उनकी मेहनत और लागत दोनों पर संकट खड़ा हो गया है।
इस संबंध में किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी से शिकायत करते हुए मांग की है कि मामले का शीघ्र समाधान कराया जाए और संबंधित मिल को निर्देशित किया जाए कि वह किसानों का गन्ना नियमानुसार खरीदे।
प्रार्थना पत्र देने वालों में निखिल यादव, दुष्यंत यादव, सोनू यादव, श्रीपाल यादव, महीपाल यादव सहित ग्राम के अन्य किसान शामिल हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

