प्रिया टॉकीज की पार्किंग में पिकप गाड़ी में बैठे युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

AkashMalik
By -
0

 प्रिया टॉकीज की पार्किंग में पिकप गाड़ी में बैठे युवक को मारी गोली, हालत गंभीर



सिर में फंसी है गोली, मेरठ के निजी अस्पताल में चल रहा उपचार

पार्किंग में बैठकर हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम

पुलिस ने सीसीटीवी खंगालकर दो संदिग्ध युवकों को लिया हिरासत में

एसपी देहात व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर की जांच


मवाना। नगर के बीचों-बीच स्थित पुरानी प्रिया टॉकीज की पार्किंग में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब पिकप गाड़ी में बैठे एक युवक को अज्ञात हमलावरों ने सिर में गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में मेरठ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ मवाना पंकज लवानिया भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फोरेंसिक टीम को बुलाकर पिकप गाड़ी की बारीकी से जांच कराते हुए साक्ष्य एकत्रित किए गए।

पहले सिनेमा हॉल था, अब पार्किंग बनी

जिस स्थान पर यह घटना हुई है, वहां पहले प्रिया टॉकीज सिनेमा हॉल संचालित होता था। सिनेमा हॉल बंद होने के बाद अब वहां खाली मैदान में आसपास के लोग अपनी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं और वह जगह पार्किंग के रूप में इस्तेमाल की जाती है। शनिवार सुबह भी कई वाहन वहां खड़े थे।

गाड़ी में बैठे युवक को मारी गोली

पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब 9:15 बजे मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी सुबहान (24) पुत्र कल्लू अपनी महिंद्रा पिकप गाड़ी में बैठा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उस समय उसके साथ गाड़ी में दो अन्य युवक भी मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक गाड़ी में ही बैठे रहे और मौका देखकर उन्होंने पिस्टल निकालकर सुबहान के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही युवक गाड़ी में ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

अंदर से लॉक कर चले गए हमलावर

स्थानीय लोगों के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़ी ही शांति से गाड़ी से उतरे और गाड़ी को अंदर से लॉक कर मौके से फरार हो गए। चूंकि गोली गाड़ी की खिड़की बंद करके मारी गई थी, इसलिए आसपास मौजूद लोगों को गोली चलने की आवाज भी साफ सुनाई नहीं दी।

कुछ देर बाद जब लोगों को घटना की जानकारी हुई तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

गंभीर हालत में मेरठ अस्पताल में भर्ती

परिजनों को घटना की सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल सुबहान को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक गोली उसके सिर में फंसी हुई है और डॉक्टर उसका उपचार कर रहे हैं। फिलहाल वह बेहोशी की हालत में बताया जा रहा है।

सीसीटीवी फुटेज से दो संदिग्ध हिरासत में

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पार्किंग से निकलते हुए दो युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक खतौलिया चौक क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पुलिस अधिकारियों ने दोनों संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटना में प्रयुक्त असलाह की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं

घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में लगी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
3/related/default