शामली। शहर के दिल्ली रोड स्थित शीतल नगर मोहल्ले में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के उत्पात से स्थानीय लोगों का घरों से बाहर निकलना और छतों पर जाना भी मुश्किल हो गया है। कई लोगों, विशेषकर बच्चों पर बंदरों के हमले में घायल होने की बात सामने आई है।
मोहल्ला निवासियों का कहना है कि बंदरों के डर से लोग छतों पर कपड़े तक नहीं सुखा पा रहे हैं। बंदर अक्सर घरों में घुसकर सामान को नुकसान पहुंचाते हैं और रसोई में रखा भोजन उठाकर ले जाते हैं। इससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बंदरों का झुंड दिनभर मोहल्ले में घूमता रहता है और मौका मिलते ही लोगों पर हमला कर देता है। बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शीतल नगर के निवासियों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई करते हुए बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता है।
