चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर अटेरना पुल के पास हुआ हादसा, स्विफ्ट कार भी चपेट में आई
सरधना।** चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर अटेरना पुल के निकट रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बिजनौर एसडीएम सदर की सरकारी गाड़ी और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे की चपेट में एक स्विफ्ट कार भी आ गई। दुर्घटना में महिला हेड कांस्टेबल समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार बिजनौर जिले के मंडालव निवासी आकाश, एसडीएम सदर रितु रानी की सरकारी गाड़ी चलाते हैं। रविवार को वह एसडीएम के परिवार के एक सदस्य को लेने के लिए गाजियाबाद जा रहे थे। इसी दौरान कांवड़ पटरी मार्ग पर अटेरना पुल के निकट उनकी गाड़ी का सामना सामने से आ रही एक पिकअप से हो गया।
दूसरी ओर मुजफ्फरनगर जिले के काकरोली थाना क्षेत्र के ढांसरी गांव निवासी अनमोल और प्रशांत ने गांव के ही संजय की पिकअप गाजियाबाद अनाज ले जाने के लिए बुक की थी। अनाज उतारने के बाद चालक संजय पिकअप लेकर वापस गांव लौट रहा था। वाहन में चालक के साथ अनमोल आगे बैठा था, जबकि प्रशांत पीछे मौजूद था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे से पहले एसडीएम की गाड़ी के आगे एक स्विफ्ट कार चल रही थी, जिसमें मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित जागृति विहार निवासी संजीव अपनी पत्नी नीतू के साथ सवार थे। नीतू हापुड़ जिले के सिंभावली थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आकाश ने स्विफ्ट कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप से उसकी गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि एसडीएम की गाड़ी सड़क पर घूमकर दूसरी दिशा में जा पहुंची। वहीं, नियंत्रण खो चुकी पिकअप ने स्विफ्ट कार को भी टक्कर मार दी। हादसे में एसडीएम की गाड़ी और पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि स्विफ्ट कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना में पिकअप चालक संजय, अनमोल, एसडीएम की गाड़ी चला रहे आकाश तथा हेड कांस्टेबल नीतू घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य में सहयोग किया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी दे दी है।
हालांकि हादसे के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ओवरटेक के प्रयास के दौरान यह दुर्घटना हुई, जबकि एसडीएम की गाड़ी चला रहे आकाश ने इस बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि उनकी गाड़ी के आगे कोई वाहन नहीं था और सामने से आ रही पिकअप ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे ने एक बार फिर कांवड़ पटरी मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

Comments
Post a Comment