Header Ads Widget

Responsive Advertisement

सरधना: प्रभात नगर की गलियों में जलभराव से त्रस्त लोग, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, मकान बेचने को मजबूर

 


मेरठ के सरधना क्षेत्र के मोहल्ला प्रभात नगर में लंबे समय से जलभराव की समस्या ने स्थानीय निवासियों का जीना दूभर कर दिया है। लोगों का कहना है कि बिना बारिश के भी गलियों में गंदा पानी भरा रहता है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मोहल्ले के निवासियों के अनुसार, सुबह मंदिर जाने वाले लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। वहीं स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों की स्थिति और भी खराब है। बच्चों के जूते और कपड़े पानी में भीग जाते हैं, जिसके कारण उन्हें स्कूल में डांट का सामना करना पड़ता है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कुछ बच्चों ने स्कूल जाना तक छोड़ दिया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि न तो नगर पालिका अध्यक्ष ने इस ओर ध्यान दिया और न ही क्षेत्र का सभासद कभी मौके पर निरीक्षण के लिए आया।

जलभराव की समस्या के चलते क्षेत्र में गंदगी और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बदबू और मच्छरों की भरमार से लोग परेशान हैं। हालात से तंग आकर कुछ परिवार अब अपने मकान बेचने तक का मन बना चुके हैं।

मोहल्ला वासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments