रोहटा थाना क्षेत्र के गांव बाडम निवासी शुभम त्यागी पुत्र हरिओम त्यागी का मेरठ में गढ़ रोड पर आनंद अस्पताल के सामने मेडिकल स्टोर है। मंगलवार देर रात वह मेडिकल स्टोर बंद कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सरधना थाना क्षेत्र के मेरठ–करनाल हाईवे पर नानू फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे, पहले से मौजूद बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और मोबाइल लूट लिया।
विरोध करने पर बदमाशों ने शुभम त्यागी के साथ मारपीट की और उनकी जैकेट से पर्स भी निकाल लिया। इसके बाद बदमाश कुछ दूरी पर खड़े अपने तीसरे साथी के साथ फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूछताछ की। आसपास बदमाशों की तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित ने बाइक के हैंडल पर मोबाइल लगाया हुआ था, जिससे बदमाशों की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
0 Comments